बिहार में वोट चोरी का सपना पूरा नहीं होने देंगे : राहुल (अपडेट)
Will not let the dream of vote theft in Bihar come true: Rahul (Update)

सासाराम, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि बिहार में भी महाराष्ट्र तथा कर्नाटक की तरह वोट चोरी की साजिश हो रही है लेकिन अब वह जनता को जगाने के लिए सड़क पर आ गए हैं और इस षड्यंत्र को सफल नहीं होने दिया जाएगा।श्री गांधी ने बिहार के सासाराम में रविवार को वोटर अधिकार यात्रा शुरु करने से पहले आयोजित विशाल जन समारोह संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की चुनाव आयोग के साथ मिलकर बिहार में वोटों की चोरी करने की साजिश है और इसके लिए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण(एसआईआर) का काम चुनाव आयोग के साथ मिलकर शुरू किया जा चुका है। उनका कहना था कि इस यात्रा से जनता को जागृत कर वह भाजपा के षड्यंत्र पर पानी फेरने का काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के साथ मिलकर संविधान को मिटाने की कोशिश की जा रही है इसीलिए जब भी चुनाव होते हैं तो भाजपा का षड्यंत्र शुरू हो जाता है। चुनाव अगर विपक्ष जीत रहा है तो इसे रोकने का षड्यंत्र शुरु हो जाता है। चुनाव के सारे अनुमान और चुनाव पूर्व सर्वेक्षण भाजपा के खिलाफ आते हैं लेकिन चुनाव परिणाम अचानक भाजपा की जीत का आता है।श्री गांधी ने साजिश का उदाहरण देते हुए कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में भाजपा को कम वोट मिले लेकिन छह माह बाद विधानसभा में एक करोड़ नये वोट जुड़ते हैं और सारे के सारे नए वोट भाजपा को मिल जाते हैं। इलेक्शन कमीशन से कहा कि वीडियोग्राफी दिखाओ तो उन्होंने मना कर दिया गया। कर्नाटक में हमने एक विधानसभा के वोट की तुलना की तो एक लाख से ज्यादा फर्जी वोट मिले हैं।उन्होंने कहा “बिहार की जनता का वोट चोरी नहीं होने देंगे क्योंकि गरीबों के पास सिर्फ वोट है। वोट चोरी चुनाव आयोग करवा रहा है। पहले पता नहीं चलता था कि वोट चोरी हो रही है लेकिन मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनका पर्दाफाश किया है। लोगों के वोट काटे जा रहे हैं और चुनाव जीतकर जनता का पैसा 5-6 उद्योगपतियों को दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने हमारे दबाव में जाति जनगणना की बात मानी लेकिन मुझे मालूम है कि वह जाति जनगणना नहीं करेंगे लेकिन हम 50 प्रतिशत की दीवार हटाएंगे और पूरे देश को दिखाएंगे कि हमने जो बोला है वह कर दिखाया है। उनको जाति जनगणना करने के लिए भी मजबूर करेंगे। हम वोट चोरी नहीं होने देंगे।”




