दिल्ली में पीएम मोदी के विश्वास की जीत, जनता ने बदलाव का दिया जनादेश : दुष्यंत गौतम
PM Modi's faith has won in Delhi, people have given mandate for change: Dushyant Gautam

नई दिल्ली, दिल्ली विधानसभा चुनावों के रुझानों में आम आदमी पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। वहीं भाजपा को बहुमत मिलता हुआ नजर आ रहा है। दिल्ली में बड़े सियासी उलटफेर को लेकर तमाम नेताओं की ओर से बयानबाजियों का दौर शुरू हो गया है।भाजपा नेता दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा जिस विश्वास के साथ आगे बढ़ी, उसे दिल्ली की जनता ने स्वीकार किया है। हमने डबल इंजन सरकार के लाभों का उदाहरण प्रस्तुत किया और आज दिल्ली के लोगों ने इसे अपनाया और बदलाव के लिए मतदान किया। इस बड़ी जीत के लिए मैं दिल्ली की जनता को धन्यवाद देता हूं। वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव का परिणाम यह दिखाता है कि वहां की जनता का भरोसा पीएम मोदी पर कायम है। दिल्ली में रहने वाले बिहारी और पूर्वांचली लोगों ने अपने अपमान का बदला लिया है। यह केजरीवाल के झूठ और फरेब की हार है।दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के दिग्गज नेताओं को भी हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को हार मिली है। मनीष सिसोदिया भी जंगपुरा सीट से चुनाव हार चुके हैं। कुल मिलाकर यह रुझान भाजपा के लिए बहुत उत्साहित करने वाले हैं और पार्टी 27 साल बाद राजधानी में सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।




