हम जींद की धरती से विजयी होकर फिर तीसरी बार हरियाणा में भाजपा की सरकार बनाएंगे : संजय भाटिया

We will win from Jind and form the BJP government in Haryana for the third time: Sanjay Bhatia


चंडीगढ़,  31 अगस्त। भाजपा के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ नेता संजय भाटिया ने कहा है कि भाजपा विधानसभा चुनाव अपनी सरकार की 10 साल की उपलब्धियां के आधार पर लड़ेगी। उन्होंने भाजपा के तीसरी बार सत्ता में आने का दावा करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में भले ही भाजपा पांच सीटों पर चुनाव हारी हो, लेकिन भाजपा ने 46 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की थी। संजय भाटिया आज जींद में पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ जींद के विधायक डॉ कृष्ण मिड्ढा, पार्टी के वरिष्ठ नेता जवाहर सैनी, जिला प्रभारी डॉ मदन लाल, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया सहप्रभारी अशोक छाबड़ा, भाजपा के जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढूल, अमरपाल राणा, भाजपा के जिला मंत्री डॉ राज सैनी, जींद नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष सुनील कुमार, भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी मनीष गोयल मुख्य रूप से मौजूद थे।
संजय भाटिया ने कहा कि कांग्रेस एक ऐसा काम बताएं जिसके कारण प्रदेश के लोग उसे फिर से सत्ता में लाने की बात सोचें। उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों के खराबे के मुआवजे के रूप में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के राज में दो-दो रुपए के चेक मिलते थे। नौकरियों की सरेआम बोलियां लगती थीं। तबादलों में खुले आम पैसों का लेन-देन होता था। सीएलयू के नाम पर लोगों को लूटा जाता था, लेकिन पिछले 10 सालों में हरियाणा का समान विकास हुआ है और अब नौकरियां नीलामी से नहीं, बल्कि योग्यता से मिलती हैं। ग्रुप ए बी और सी की नौकरी के मामले में पूर्व सांसद ने कहा कि भर्ती रोको गैंग ने नौकरियों को रोकने का काम किया है और यह युवाओं के हितों पर कुठाराघात है। संजय भाटिया ने कहा कि आज बुजुर्गों की पेंशन अपने आप बन जाती है और सीधी उसके खाते में आती है। दलितों पर अत्याचार मिर्चपुर और गोहाना जैसे कांड कांग्रेस शासन में हुए हैं। संजय भाटिया ने कहा कि कांग्रेस के राज में किसी भी कार्य के लिए सफेद कुर्ते वालों की परिक्रमा करनी पड़ती थी, लेकिन आज किसी भी काम के लिए किसी नेता के पास धक्के खाने की जरूरत नहीं पड़ती।

नायब सैनी और मोहनलाल बडोली की जींद रैली आज
संजय भाटिया ने रैली का न्यौता देते हुए कहा कि एक सितंबर को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहनलाल बडोली जींद में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली में कुछ और नेताओं के भी आने की संभावना है तथा इस रैली में कई पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता भाजपा में शामिल होंगे।

संजय भाटिया भूपेंद्र हुड्डा पर जमकर बरसे
संजय भाटिया ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने बेटे के भविष्य के चक्कर में पूरी कांग्रेस का सत्यानाश कर दिया है। उन्होंने कहा की भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रणदीप सिंह सुरजेवाला को उपचुनाव में हराया था। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कुमारी शैलजा, किरण चौधरी, रणदीप सुरजेवाला को पीछे धकेलने का काम किया। संजय भाटिया ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा को चुनौती देते हुए कहा कि भूपेंद्र हुड्डा जी घोषणा करें की सत्ता में आने पर वह किसी बांगर के सामान्य परिवार के बच्चे को मुख्यमंत्री बनाएंगे। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि केवल अपने परिवार को राजनीतिक रूप से स्थापित करने के लिए हुड्डा सब प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हरियाणा की जनता और विशेष कर बांगर की धरती उन्हें इस बार भी सत्ता से दूर रखेगी।

भाजपा तीसरी बार आनी क्यों जरूरी
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद संजय भाटिया ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार आना इसलिए जरूरी है ताकि युवाओं में ये विश्वास क़ायम रहे कि मिशन मेरिट जारी रहेगा। उन्हें सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए पढ़ने की बजाय बापू के किल्ले या मां के गहने न बेचने पड़े। कोई भी काम करवाने के लिए चिट्टे-कुर्ते वालों की परिक्रमा न करनी पड़े। ऑनलाइन ट्रांसफर की जगह शिक्षकों और कर्मचारियों को हर महीने सचिवालय के चक्कर न काटने पड़ें।
संजय भाटिया ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार इसलिए जरूरी है ताकि बुजुर्गों की पेंशन सीधे खाते में आती रहे किसी के चक्कर न काटने पड़ें। दलितों पर अत्याचार दोबारा शुरू न हो। मिर्चपुर और गोहाना जैसे कांड न हों। गरीबों को आसानी से राशन मिले, डिपो पर किसी की परिक्रमा न करनी पड़े। किसानों को दो रुपए के चेक की जगह फसलों का पूरा मुआवजा मिलता रहे। पिछड़ों को आरक्षण नीति के मुताबिक नौकरियों में लाभ मिलता रहे। नॉट फाउंड सूटेबल कैंडिडेट बताकर उनकी नौकरियां न लूटी जाएं। हरियाणा के सभी 22 जिलों का समान विकास होता रहे। किसानों की जमीन दामाद जी और  उनके गैंग की टेढ़ी नजर से बची रहे।

प्रदेश का निरंतर विकास हो इसलिए प्रदेश में भाजपा जरूरी : संजय भाटिया
पूर्व सांसद संजय भाटिया ने पूरी ताकत के साथ तीसरी बार सरकार बनाने का दावा करते हुए कहा की हरियाणा में भाजपा का आना इसलिए जरूरी है ताकि प्रदेश के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज और हर जिले का जुड़ाव नेशनल हाईवे से बढ़ता रहे। हरियाणा सीएलयू गैंग के लिए लूट और ऐशगाह का अड्डा न बने। हरियाणा में कानून का राज कायम रहे, सामंती संगठन न्याय व्यवस्था को अपने हाथ में न ले। दक्षिण हरियाणा दोबारा सिर्फ लूट और भेदभाव का उपनिवेश न बन जाए। हरियाणा के मुख्यमंत्री का विश्वास हरियाणा एक, हरियाणवी एक में बना रहे। सार्वजनिक मंचों से जातिवादी सोच जाहिर करने वाले परिवारवादी फिर से सत्ता पर कायम न हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button