जो लोग हिसाब मांग रहे, उनके खुद के बही खाते फटे पड़े हैं, हुड्डा अपनी कॉपी उठाकर लाएं और बताएं कितनों को रोजगार दिया

Those who are asking for accounts, their own account books are torn, Hooda should bring his copy and tell how many people he gave employment to




चंडीगढ़ / हांसी 17 अगस्त। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हांसी में म्हारा हरियाणा नान स्टाप हरियाणा जन आशीर्वाद रैली में उमड़ी भारी लोगों की भीड़ को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री आचार संहिता लगने के कारण मांगे न पूरी होने पर लोगों को चुनाव के बाद सभी मांगों को पूरा करने की बात कही। नायब सैनी बोले कि वे अक्तूबर 2024 के लिए आशीर्वाद लेने के लिए आए हैं। 4 अक्टूबर को हरियाणा में बीजेपी की सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री ने आजादी में शामिल हांसी बलिदानियों को नमन किया और कहा कि हांसी का इतिहास गौरवशाली रहा है। मुख्यमंत्री बोले हम भ्रष्टाचारियों का सुपड़ा साफ करने का काम करेंगें। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने कुछ काम तो किया नहीं जिनकी बही खाते फटे पड़े है। वे जब भी बोलते हैं उनके मुंह से भ्रष्टाचार निकलता है। वे हमसे हिसाब मांगने के लिए घूम रहे है। हमारी सरकार ने 10 वर्षों में हांसी की तस्वीर बदलने का काम किया। इसी साल हांसी-महम-रोहतक रेलवे लाइन का सम्पन्न हुआ है। 148 बी का निर्माण व हांसी को पुलिस जिला बनाने का काम भी इसी सरकार में हुआ है। उन्होंने कहा कि आचार संहित के कारण वे घोषणा नहीं कर सकते परंतु 4 अक्टूबर के बाद हांसी में डीसी भी यहां पर बैठने का काम करेगा। उन्होंने हांसी में हुए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों को गिनवाया। हांसी में खेल स्टेडियम का निर्माण भी गिनवाया। सबका साथ सबका विकास के मुलमंत्र पर काम करवाया गया।

सीएम बोले हुड्‌डा भर्ती रोको गैंग के संरक्षक
मुख्यमंत्री ने भूपेंद्र हुड्‌डा पर बोलते हुए कहा कि वे अपनी किताब उठा लाएं और बताएं कि उन्होंने कितने लोगों को नौकरी देने का काम किया है। उन्होंने भूपेंद्र हुड्‌डा को भर्ती रोको गैग के नाम से बुलाया। जो लोग अब हिसाब मांगते घूम रहे है। 2014 से पहले प्रदेश में निराशा का माहौल था। नौकरियों में क्षेत्रवाद व भाई-भतीजा वाद का बोलबाला था। पहले सरकारी योजनाओं का लाभ उन लोगों को पहुंचता था जिसकी पहुंच कांग्रेस के लोगों तक थी। आज सरकार द्वारा स्वयं योजनाओं का लाभ आम लोगों को दिया जा रहा है। कांग्रेस ने लोगों को 100 गज के प्लाटों का लोलीपोप देने का काम किया था। उन्हें ना तो कागज दिए गए और कब्जा। परंतु आज कब्जा भी दिया गया और कागज भी दिए गए। साथ ही पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन शुरू किया गया कि जिन्हें 100 गज का प्लाट नहीं मिला उन्हें 4 के बाद 100-100 गज के प्लाट दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने ये गिनाई उपलब्धि
सरकार ने बारिश कम होने पर खेती पर ज्यादा खर्चें होने पर किसानों के खातों में प्रति एकड़ 2 हजार रुपये भेजने का काम किया। किसानों की 100 प्रतिशत फसल एमएसपी पर खरीदने का काम सरकार करेगी। सरकार किसानों की मजबूती के लिए किसान हित के लिए कार्य करती रहेगी। सरकार ने 500 रुपये का गैस सिलेंडर देने का निर्णय लिया था। सरकार लगातार मिशन मोड में काम कर रही है। जो किसान गौ पालेगा सरकार उसे एक साल में 30 हजार इंसेंटिव देने का निर्णय लिया है। सरकार ने एक लाख 37 हजार युवाओं को बिना पर्ची बिना खर्ची के नौकरी देने का काम किया है।

कांग्रेस करती है कमीशन मोड पर काम
विपक्ष के लोग लगातार झूठ बोलकर लोगों को भ्रमित करते हैं। इनका मुखौटा जल्द उतरेगा। ये लोग कमीशन मोड पर काम करते हैं। जबकि हम मिशन मोड में काम करते हैं। वे लोग हिसाब मांग रहे हैँ जिन्होंने सीएलएयू के नाम पर हजारों करोड़ का भ्रष्टाचार करने का काम किया है। कांग्रेस को हमारी ई गर्वनस की नीति से बहुत ज्यादा एलर्जी है। उनका पेट खराब हो रहा है। जब मेरा करनाल से नाम घोषित हुआ था तो कांग्रेस का पेट खराब हो गया था। करनाल के लोगों ने चंडीगढ़ भी कमल का फूल भेजने का काम किया था और दिल्ली में भी। मैं आपसे आशीर्वाद लेने आया हूं ताकि मैं प्रदेश को और विकास की गति पर आगे बढ़ा सकूं।
मुख्यमंत्री बोले मैंने पूरी तैयारी की हुई थी। परंतु आचार संहिता के कारण नहीं हो पाया। मैंने अधिकारियों को बुलाकर आदेश दिए थे कि सभी कामों को मंजूरी दे देंगे। मुख्यमंत्री बोले 4 के बाद चक्रवृद्धि ब्याज जोड़कर और ज्यादा देने का काम करेंगे।

मुख्यमंत्री कांग्रेस पर जमकर बरसे
मुख्यमंत्री नायब सैनी कांग्रेस पर जमकर बरसे। नायब सैनी ने कहा कि जो लोग भाजपा से हिसाब मांग रहे हैं, उनके खुद के बही खाते फटे पड़े हैं। जिनके बोलते ही मुंह से भ्रष्टाचार निकलता है, वो हिसाब मांग रहे हैं। नायब सैनी ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस का शासन था और प्रदेश में निराशा, अविश्वास, आक्रोश का माहौल था। विकास के नाम पर क्षेत्रवाद और नौकरी के नाम पर भाई भतीजावाद चलता था। सैनी ने कहा कि मैं भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चैलेंज करता हूं कि अपनी कॉपी उठाकर लाएं और बताएं कि कितने युवाओं को रोजगार दिया। भाजपा ने युवाओं को बिना पर्ची, बिना खर्ची नौकरी दी और विपक्ष से ये भी सहन नहीं हुआ। हुड्डा और उनके लोगों ने तो भर्ती रोको गैंग चला रखा था। भर्ती होते ही वे हाईकोर्ट चले जाते थे। लेकिन हमने हार नहीं मानी और एक लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरी दी। अब एचकेआरएन के एक लाख 20 हजार युवाओं की नौकरी सुरक्षित की। नायब सैनी ने कहा कि विपक्ष झूठ बोलकर राजनीतिक लाभ लेने की ताक में है। कांग्रेस को प्रदेश के हितों से कोई लेना देना नहीं। ये भाजपा से हिसाब मांग रहे हैं, हमारा हिसाब वे युवा देंगे जो बिना खर्ची-बिना पर्ची नौकरी लगे हैं। हमारा हिसाब वे लोग देंगे जिन्हें घर बैठे सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सैनी ने कहा कि कांग्रस को तो भाजपा की ई-गर्वर्नेंस से भी एलर्जी है। कांग्रेसी नेता पोर्टल खत्म करने की बात कहते हैं, जबकि पोर्टल से हरियाणा की जनता को घर बैठे योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

मुखैटा उतारना होगा
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस और दूसरे दलों के नेता मुखौटा पहनकर घूम रहे हैं। उनका ये मुखोटा इस बार जनता जरूर उतारेगी। जनता को समझ आ गया है और इस बार भी कांग्रेस को सत्ता की कुर्सी तक पहुंचने नहीं देगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेसी कमीशन मोड में काम करते हैं,जबकि भाजपा हमेशा मिशन मोड में काम करती है। कांग्रेस ने अपने शासन में भ्रष्टाचार और लोगों को प्रताड़ित करने की सीमा लांघी थी। सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में हुए जुल्मों का हिसाब जनता लेगी और 4 तारीख के बाद तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाकर कमल का फूल खिलाएगी।

हुड्डा ने किसानों को लूटा
हांसी जनसभा में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने अन्नदाताओं की सभी फसलों के एक-एक दाने को एमएसपी पर खरीदने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बड़ा किसान हितैषी कोई नहीं है और हरियाणा के हमारे किसान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा सरकार के साथ है यह हमारे लिए खुशी की बात है। कांग्रेस पर हमलावर होते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस वो पार्टी है जिसने किसानों का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि हमारे किसान अब दो-दो रुपए का चेक देने वाले व जमीन लूट कर बिल्डरों को सौंपने वाले हुड्डा पिता-पुत्र और सीएलयू गैंग के झांसे में नहीं आने वाले हैं।

255 करोड़ किसानों के खातों में ट्रांसफर किए
नायब सैनी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से मोदी सरकार और हरियाणा की डबल इंजन की सरकार ने किसानों को समृद्ध करने व मजबूती देने के लिए ही योजनाएं बनाई हैं। कांग्रेस के समय कितनी फसलें एमएसपी पर खरीदी जाती थी सभी को मालूम है। कांग्रेस ने झूठ फैलाया कि भाजपा एमएसपी खत्म कर देगी, लेकिन हमारी सरकार ने लगातार एमएसपी बढ़ाकर फसलें खरीदी है। 10 वर्षों में हरियाणा की भाजपा सरकार ने 50 लाख 65 हजार 264 मीट्रिक टन एमसपी पर खरीद की है। दस वर्षों में भाजपा सरकार ने 255 करोड़ रुपए सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर करने का काम किया है।

जिला न बना पाने की टीस रह गई मन में : भयाना
विनोद भयाना ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अचानक आचार संहिता लग गई। मुख्यमंत्री बहुत कुछ सोचकर आए थे। बीजेपी की सरकार में कई विकास के कार्य किए गए। कांग्रेस पार्टी के नेता आपके बीच में आते हैं और कहते हैं कि वे भाजपा से हिसाब मांगेगे। परंतु बीजेपी तो खुली किताब है। आज किसी नेता के द्वारा पर नौकरी के लिए नहीं जाना पड़ता है। जिन लोगों ने सस्ते रेटों पर किसानों की जमीन एक्वायर कर खरीदने का काम किया है वे हिसाब मांग रहे हैं। चुनाव में जनता कांग्रेस पार्टी से हिसाब मांगने का काम करेगी। कांग्रेस 10 सालों से राज में आने के लिए तड़प रही है। परंतु जनता इनको राज के नजदीक भी नहीं लगने देगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह ने दिन-प्रतिदिन लोकप्रियता पाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 24 घंटे में से 20 घंटे जनता के बीच में रहते हैं। उन्होंने कहा कि हांसी के लिए मांग पत्र दिया था। उन्होंने सभी सौगातें देने का वादा किया था। परंतु अचानक आचार संहिता लगने के कारण ये अधूरी रह गई है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि सरकार बनने के बाद सभी मांगे पूरी करेगे। उन्होंने कहा कि उनके मन में टीस है कि उन्होंने पिछले चुनाव में हांसी को जिला बनाने का वायदा किया था वह उसे पूरा नहीं करवा सके। आचार संहिता लगने के कारण हमारा हांसी को जिला बनाने का सपना अधूरा रह गया। बीजेपी नायब सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने का काम करेंगे।

ये लोग रहे मौजूद
रैली के दौरान डीपी वत्स, मनीष ग्रोवर,जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, धर्मबीर रतेरिया, छत्रपाल सिंह,कैप्टन भूपेंद्र सिंह,बरवाला से पूर्व विधायक वेद नारंग,अशोक ढालिया, रतिया विधायक लक्ष्मण नापा, राजपाल यादव, गायत्री देवी, नेहा धवन सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button