हिमाचल विधानसभा में सुक्खू सरकार का तीसरा बजट पेश, विधानसभा अध्यक्ष ने बताया विकासोन्मुखी

सामाजिक सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और किसानों के हितों पर विशेष जोर

पहली खबर ब्यूरो

शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के पेश किए गए हिमाचल प्रदेश विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बजट को विकासोन्मुखी और सर्वहिताय बताया, जिसमें सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा गया है।

हर वर्ग को मिली राहत, सामाजिक सुरक्षा पर जोर

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि इस बार का बजट प्रदेश के सामाजिक सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि बजट में हर वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दी गई है, जिससे समाज के हर तबके को राहत मिलेगी। खासतौर पर गरीब किसानोंदुकानदारों और युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि सरकार ने अनऑर्गनाइज्ड सेक्टर में युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने का प्रयास किया है, जिससे प्रदेश के युवा आत्मनिर्भर बन सकें और अपने भविष्य को संवारने में सक्षम हों।

लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए ‘युवा संसद’ का आयोजन

विधानसभा अध्यक्ष ने आगे बताया कि हिमाचल विधानसभा में जल्द ही युवा संसद और पंचायती राज संस्थाओं के सदस्यों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं और बच्चों को विधायी कार्यों की जानकारी देना है, ताकि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बेहतर तरीके से समझ सकें।

पठानिया ने बताया कि हाल ही में विधानसभा द्वारा आयोजित बाल संसद कार्यक्रम काफी सफल रहा था, जिसे छात्रों ने खूब सराहा। इसी तर्ज पर अब युवा संसद के आयोजन की योजना है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में प्रयास जारी हैं और विधानसभा ने इसके लिए लोकसभा से वित्तीय सहायता का आग्रह किया है।

प्रदेश के विकास को मिलेगी गति

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि यह बजट प्रदेश के आर्थिक विकास को नई दिशा देगा और समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को प्रदेश के हित में ऐसा बजट पेश करने के लिए बधाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button