नवोदय विद्यालय ठियोग के छात्रों ने विधानसभा अध्यक्ष से की मुलाकात

लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को समझने सदन की कार्यवाही देखी

पहली खबर ब्यूरो

शिमला।  हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के अंतिम दिन नवोदय विद्यालय ठियोग के 76 छात्रों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की और सदन की कार्यवाही का अवलोकन किया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष एवं शिमला के जिलाधीश अनुपम कश्यप, प्रधानाचार्य संगीता शौनिक और पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी भी उपस्थित रहे।

नवोदय विद्यालय ठियोग के 76 छात्रों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की
नवोदय विद्यालय ठियोग के 76 छात्रों ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से मुलाकात की

 

शिक्षा को व्यवहारिक ज्ञान से जोड़ने की पहल के तहत छात्रों को विधानसभा के कार्यों को समझने का अवसर मिला। जिलाधीश अनुपम कश्यप और प्रधानाचार्य संगीता शौनिक ने विधानसभा अध्यक्ष को विद्यालय की शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों, छात्रों की उपलब्धियों और प्रदर्शन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्र लंबे समय से विधानसभा की कार्यवाही देखने के इच्छुक थे, और अध्यक्ष की अनुमति से यह संभव हुआ।

अध्यक्ष ने छात्रों को संसदीय प्रक्रिया से अवगत कराया

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने छात्रों से संवाद किया और उन्हें संसदीय प्रणाली की बारीकियों से परिचित कराया। उन्होंने बताया कि विधानसभा में निर्वाचित जनप्रतिनिधि जनता की आवाज उठाते हैं। जिस दल को बहुमत मिलता है, वह सरकार बनाता है, जबकि अन्य दल विपक्ष की भूमिका निभाते हैं। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री समेत 12 मंत्रियों की एक मंत्रिपरिषद होती है, जो राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को संचालित करती है।

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप भी इस दौरान स्कूली छात्रों के साथ थे मौजूद
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप भी इस दौरान स्कूली छात्रों के साथ थे मौजूद

अध्यक्ष ने कहा कि भारत की संसदीय प्रणाली संघीय ढांचे पर आधारित है, जिसमें केंद्र और राज्य सरकारों की अपनी-अपनी भूमिका होती है। उन्होंने छात्रों को विधायी प्रक्रियाओं और नीति-निर्माण के महत्व से अवगत कराया।

लोकतंत्र के प्रति बढ़ती रुचि उत्साहजनक

छात्रों से बातचीत के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने 12 जून 2023 को आयोजित बाल सत्र का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उस सत्र में बच्चों ने मुख्यमंत्री, स्पीकर, डिप्टी स्पीकर और मंत्रियों की भूमिका निभाई थी और ज्वलंत विषयों पर विचार-विमर्श कर समाधान खोजने का प्रयास किया था, जो अनुकरणीय था। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि छात्र और युवा बड़ी संख्या में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने के लिए विधानसभा की कार्यवाही देखने आ रहे हैं।

पठानिया ने कहा कि हर दिन लगभग 100 विद्यार्थी विधानसभा की कार्यवाही देखने आते हैं, जो लोकतंत्र में युवाओं की बढ़ती भागीदारी और उनकी जागरूकता को दर्शाता है। उन्होंने सभी छात्रों को भविष्य में भी सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button