शिमला में ‘मेरे शहर के 100 रत्न’ स्कॉलरशिप प्रोग्राम लॉन्च

मेधावी छात्रों को मुफ्त कोचिंग, 5,000 रोजगार अवसर भी सृजित होंगे

पहली खबर ब्यूरो

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मेधावी छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मंगलवार को शिमला में क्रैक एकेडमी की टीम ने एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर ‘मेरे शहर के 100 रत्न’ स्कॉलरशिप प्रोग्राम को लॉन्च करने की घोषणा की। यह योजना मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पहल का हिस्सा है, जिसके तहत प्रदेशभर के 6,800 छात्रों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त कोचिंग दी जाएगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस योजना के तहत क्रैक एकेडमी हर विधानसभा क्षेत्र से 100 मेधावी छात्रों को मुफ्त कोचिंग प्रदान करेगी। इस पूरी योजना के संचालन में लगभग 34 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

क्रैक एकेडमी के फाउंडर और सीईओ नीरज कंसल ने कहा, “शिक्षा ही सफलता की चाबी है। हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ हमारी यह साझेदारी राज्यभर के छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। यह योजना सिर्फ एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को सशक्त बनाने, बाधाओं को दूर करने और उनके भविष्य को संवारने का अवसर है। हम छात्रों से आग्रह करते हैं कि वे इस सुनहरे मौके का पूरा लाभ उठाएं और अपने करियर को मजबूती से आगे बढ़ाएं।”

चयन प्रक्रिया पारदर्शी और मेरिट-आधारित

योजना के तहत हर विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कक्षा 6 और उससे ऊपर के छात्र भाग ले सकेंगे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से टॉप 100 छात्रों को मुफ्त कोचिंग दी जाएगी, जबकि अगले 200 छात्रों को 75% और उसके बाद के 500 छात्रों को 50% की छूट मिलेगी। क्रैक एकेडमी इन छात्रों को उनके लक्ष्य प्राप्त करने तक मार्गदर्शन प्रदान करेगी। परीक्षा के संचालन की निगरानी शिक्षा विभाग करेगा, जबकि एकेडमी टेस्ट पेपर तैयार करेगी।

योजना का पायलट प्रोजेक्ट सफल

इस योजना का पायलट प्रोजेक्ट पहले कांगड़ा जिले की ज्वालामुखी विधानसभा में लागू किया गया था, जिसमें 50 स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया। वर्तमान में, ज्वालामुखी के 220 चयनित छात्रों को इस योजना के तहत मेरिट-आधारित कोचिंग मिल रही है।

रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे

यह योजना न केवल मेधावी छात्रों को लाभ पहुंचाएगी बल्कि प्रदेश में रोजगार के अवसर भी पैदा करेगी। क्रैक एकेडमी 90 से अधिक कोचिंग सेंटर स्थापित करेगी, जिससे 5,000 लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा और अन्य अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी बनेंगे।

शिमला पुस्तकालय का होगा नवीनीकरण

इसके अलावा, क्रैक एकेडमी शिमला के ऐतिहासिक रिज स्थित पुस्तकालय के नवीनीकरण और रखरखाव पर 1.5 करोड़ रुपये खर्च करेगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस इमारत की ऐतिहासिक विरासत को बनाए रखते हुए इसे आधुनिक तकनीक से लैस किया जाए, जिससे छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

अनाथ बच्चों को भी मिलेगा सहयोग

स्कॉलरशिप प्रोग्राम के अलावा, क्रैक एकेडमी राज्य की देखरेख में रह रहे 4,500 अनाथ बच्चों को भी सहयोग दे रही है। यह संस्था हर साल इन बच्चों को विभिन्न कोर्स करने का मौका देती है, जब तक वे अपने करियर के लक्ष्य तक नहीं पहुंच जाते। इस पहल का मकसद बच्चों को लगातार शिक्षा और मार्गदर्शन प्रदान करना है, जिससे वे अच्छी पढ़ाई कर सकें और अपने भविष्य को मजबूत बना सकें।

यह योजना प्रदेश के शिक्षा स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के साथ-साथ युवाओं को उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर करने में सहायक सिद्ध होगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button