पंचकूला में हुई भाजपा की छोटी टोली की बैठक, सदस्यता अभियान और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा
BJP's small group meeting held in Panchkula, membership drive and organisational issues discussed



पंचकूला, 10 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान और आगामी कार्य योजनाओं को लेकर रविवार को पंचकूला के पार्टी कार्यालय ‘‘पंचकमल’’ में छोटी टोली की बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, सुरेंद्र पूनिया एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल मौजूद रहे। घंटों तक चली बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई और आगामी कार्ययोजना बनाई गई।
छोटी टोली की बैठक में प्रदेश में बड़े स्तर पर चल रहे सदस्यता अभियान को और गति देने तथा 50 लाख सदस्य बनाने के टारगेट को जल्दी से जल्दी पूरा करने पर विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए कार्यकर्ताओं से दिए गए लक्ष्य से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आग्रह किया। वहीं पंडित मोहन लाल बड़ौली ने भी कहा कि प्रदेश में सदस्यता अभियान को अपार सफलता मिल रही है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से हम 50 लाख से अधिक सदस्य बनाने का रिकार्ड बनाएंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनता का पीएम मोदी और भाजपा के प्रति स्नेह का परिणाम है कि केंद्र और राज्य में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। पिछले दस वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने बुलंदियों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार भी जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है। भाजपा ने जो भी वादे किए हैं उन्हें पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यकर्ताओं से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पिछले दस वर्षों से पारदर्शी शासन व्यवस्था के चलते युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरियां मिल रही है और यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दें।
भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है जिसमें परिवारवाद नहीं चलता : बड़ौली
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के 20 हजार 629 बूथों पर सदस्य बनाने के अभियान को अपार सफलता मिल रही है। लाखों लोग हर रोज भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि हरियाणा को 50 लाख सदस्य बनाने का जो टारगेट मिला है भाजपा के कार्यकर्ता उससे भी अधिक सदस्य बनाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है जिसमें परिवारवाद नहीं चलता। पार्टी में कार्यकर्ता ही प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक का सफर तय करते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बिना थके, बिना रूके प्रदेशवासियों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाएं लोगों को भाजपा की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं बताकर प्रेरित करें और भाजपा परिवार का हिस्सा बनाएं।




