कांग्रेस का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा, कांग्रेस ने झूठ की जो स्क्रिप्ट हिमाचल, कर्नाटक, तेलंगाना में लिखी थी उसे ही हरि

Congress' manifesto is a bundle of lies. The script of lies that Congress had written in Himachal, Karnataka, Telangana was rejected by Hari


चंडीगढ़ ,   21 सितंबर। भिवानी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी घनश्याम दास सर्राफ के समर्थन में आयोजित नॉन-स्टॉप विकास, भाजपा पर विश्वास जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कांग्रेस पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा है। कांग्रेस पार्टी ने जो स्क्रिप्ट दो साल पहले हिमाचल, कर्नाटक, तेलंगाना में लिखी थी उसी झूठ के पुलिंदे को कांग्रेस ने हरियाणा में उतारा है। कांग्रेस की जो नीति और सोच है उससे हरियाणा का हर व्यक्ति वाकिफ है। कांग्रेस के प्रत्याशियों ने कांग्रेस के घोषणा पत्र की मंशा जाहिर कर दी है। कांग्रेस के लोग चाहते हैं कि किसी भी प्रकार सत्ता में हाथ में लगे हरियाणा के लोगों का शोषण करना शुरू करें। भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हुड्डा साहब ने जो घोषणा पत्र जारी किया है,वह हरियाणा में नहीं दिल्ली में किया और यह संकेत दिया कि हरियाणा जैसे 2014 से पहले चलता था उसी स्थिति में दिल्ली से ही चलेगा। हरियाणा के अंदर किसानों की जमीन लूटकर दामाद को दिल्ली में देने का काम किया जाएगा। नायब सैनी ने कहा कि हिमाचल हमारा पड़ौसी राज्य है और वहां पर कांग्रेस ने हर साल एक लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया, महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये, हिमाचल के लोगों को 300 युनिट बिजली फ्री देने की घोषणा की। यही एजेंडा लेकर कांग्रेस हरियाणा में आई है। सभी को मालूम है कि हिमाचल, कर्नाटक, तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार है और वहां पर कांग्रेस ने एक भी घोषणा को लागू नहीं किया।
नायब सैनी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नौकरी के लिए एक भी विज्ञापन नहीं निकाला। किसी भी महिला को आज तक पांच पैसे तक नहीं दिए। एक युनिट भी बिजली माफ नहीं की, उलटा बिजली के दाम बढ़ा दिए। हिमाचल में युवाओं को नौकरी देने की बात तो दूर कर्मचारियों की सैलरी देने के पैसे कांग्रेस सरकार के पास नहीं है। नायब सैनी ने कहा कि 8 अक्टूबर को जब परिणाम आएगा तब कांग्रेस पार्टी झूठ की पोटली को लेकर राहुल गांधी के पास दिल्ली चली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने कांग्रेस का शासन भुगता है। हरियाणा के अंदर कांग्रेस ने कहा कि 2 लाख युवाओं को रोजगार देंगे, तो मैने हुड्डा साहब से पूछा कि हुडा साहब आप हरियाणा के 10 साल सीएम रहे हैं। हरियाणा का युवा पूछ रहा है कि 10 सालों में कांग्रेस सरकार ने कितने युवाओं को किस आधार पर नौकरियां दी है उसका जवाब देना चाहिए। सीएम सैनी ने कहा कि कांग्रेस के समय नौकरी के लिए कैसे माताओं-बहनों के गहने बिकते थे, लोन लिया जाता था, जमीन बेची जाती थी तब भी नौकरी नहीं लगती थी।कांग्रेस प्रत्याशियों ने अभी से नौकरियों में हिस्से बांट लिए
कांग्रेस की दो लाख नौकरियां देने की घोषणा पर तंज कसते हुए सीएम सैनी ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशियों ने अभी से नौकरियों में हिस्से बांट लिए हैं। फरीदाबाद एनआईटी से कांग्रेस प्रत्याशी खुले मंच से बोल रहे हैं कि 2000 नौकरियां हिस्से में आ रही है। नायब सैनी ने कहा कि हिस्से बांटने का सीधा मतलब है कि युवाओं का शोषण करने की कांग्रेस ने रणनीति बनाई हुई है, इस बात को सभी लोगों को समझना होगा।

भाजप सरकार ने बिना भेदभाव किए हरियाणा में ऐतिहासिक कार्य किए
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि चुनाव चल रहा है 5 अक्टूबर को हरियाणा के लोकतंत्र के पर्व में हम सभी शामिल होकर भिवानी से कमल का फूल खिलाने का काम करेंगे। उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हमारी सरकार ने बिना भेदभाव के हरियाणा प्रदेश के अंदर ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि मुझे 56 दिन काम करने का मौका मिला है, इन 56 दिनों में आपके भाई-बेटे ने 126 ऐतिहासिक फैसले लिए और उन्हें धरातल पर उतारा है।

भाजपा का विजन स्पष्ट, मुझे पता है जनहित में कैसे काम करना
नायब सैनी ने कहा कि हुड्डा साहब बोलते हैं कि नायब सैनी सिर्फ घोषणाएं कर रहे हैं, मैं हुड्डा साहब को बता देना चाहता हूं कि मेरा विजन स्पष्ट है। मुझे कैसे चलना है इस बात का मुझे ज्ञान है। उन्होंने कहा कि हुड्डा साहब अपने 10 साल हरियाणा में शासन किया है और मेरा 56 दिन का कार्यकाल है जो कांग्रेस के 10 साल पर भारी है। अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम सैनी ने कहा कि हमने मजबूती से काम किया। तीज पर्व में महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने की घोषणा की जो एक अगस्त से लागू हो चुकी है। हरियाणा के 50 लाख परिवार इसका लाभ ले रहा है।

 कांग्रेस के लोग बोलते कुछ है, करते कुछ नही
कांग्रेस पर फिर से प्रहार करते हुए नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने तेलंगाना में भी 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन आज तक नहीं दिया। कांग्रेस के लोग बोलते कुछ है, करते कुछ हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सब्जबाग दिखाकर वोट लेने का काम करती है। श्री सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने गरीब परिवारों को मुफ्त बिजली देने की योजना पर काम शुरू कर दिया। हैपी कार्ड के जरिए हरियाणा के 23 लाख परिवारों के 84 लाख लोग 1000 किलोमीटर की यात्रा का लाभ उठा रहे हैं। इतना ही नहीं 60 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाने वाले छात्रों को भी 500 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा का लाभ दिया है। एससी समाज की मेधावी छात्राओं को 1 लाख 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का काम भी भाजपा सरकार ने किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुमूल्य सुझावों के माध्यम से हमने संकल्प पत्र तैयार किया है। 8 अक्टूबर के बाद सभी घोषणाओं पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।  हर महिला को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत हर महीने 2100 रुपये दिए जाएंगे। आयुष्मान और चिरायु कार्ड का विस्तार करते हुए अब 10 लाख रुपये तक का इलाज फ्री होगा। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में जो भी हमने गारंटी दी है उसे संकल्पबद्ध होकर पूरा करेंगे।

हरियाणा को 24 घंटे काम करने वाला सीएम मिला: धर्मबीर सिंह
सांसद धर्मबीर सिंह ने रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि हरियाणा को नायब सैनी के रूप में 24 घंटे काम करने वाला मुख्यमंत्री मिला है। प्रदेश के लोग नायब सैनी को पसंद करते हैं। इस मौके पर उन्होंने भिवानी की जनता से भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की। रैली में धर्मबीर सिंह लेफ्ट पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि लाल झंडे वालों से बचकर रहना, ये लोग कारोबार को चौपट कर देते हैं। लेफ्ट पार्टी ने कलकत्ता का नाश कर दिया।
रैली में जिला अध्यक्ष मुकेश गौड़, ठाकुर विक्रम सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मीना परमार, विरेंद्र कौशिक, चेयरमैन भवानी प्रताप, एडवोकेट अविनाश सरदाना, सोहन लाल मक्कड, धर्मबीर प्रजापत, मंडल अध्यक्ष विनोद चावला, राजेश जांगड़ा, बिशंबर अरोड़ा, बाबू लाल स्वामी, विनोद स्वामी, मनोहर सिंह, परमानंद सैनी, धीरज सैनी, बतीता तंवर, सुरेश सिंह आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button