स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान से हिमाचल में 6.5 लाख से अधिक लोगों को मिला लाभ

महिलाओं, बच्चों व आम जनता के स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, कैंसर व हाई ब्लड प्रेशर की जांच सहित परामर्श सेवाओं पर रहा विशेष फोकस

पहली खबर ब्यूरो 

शिमला। हिमाचल प्रदेश में 17 सितम्बर से शुरू हुआ ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। यह अभियान 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा और अब तक 24 सितम्बर तक 6.57 लाख से अधिक ओपीडी सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और सक्षम बनाना है ताकि एक स्वस्थ परिवार, स्वस्थ समाज और स्वस्थ प्रदेश का निर्माण हो सके।

स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि इस अभियान का सीधा लाभ महिलाओं, किशोरियों, गर्भवती माताओं, धात्री माताओं और बुजुर्गों तक पहुंच रहा है। उनके घर के नजदीक ही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे स्वास्थ्य और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठे हैं।

अभियान की उपलब्धियों पर नजर डालें तो अब तक 6,57,252 लोगों को ओपीडी सेवाएं दी जा चुकी हैं। 5,34,298 लोगों का उच्च रक्तचाप की स्क्रीनिंग की गई है, जबकि 24,571 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांचें संपन्न हुईं। कैंसर की विभिन्न स्क्रीनिंग जांचों में 4,60,793 लोगों को लाभ मिला है और 3,70,579 महिलाओं की एनीमिया जांच की गई है। इसके अलावा 40,737 बच्चों को टीकाकरण उपलब्ध कराया गया है, वहीं 5,17,800 लोगों की टीबी की जांच की गई।

अभियान के दौरान 5,520 लोगों का “नियमित मित्र” पंजीकरण हुआ है। 5,58,957 लोगों ने परामर्श सेवाओं का लाभ उठाया। 1,693 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए गए, जबकि 3,681 लोगों ने रक्तदान किया और 1,669 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य सेवाएं देने तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और परामर्श को भी प्राथमिकता दी गई है। जागरूकता फैलाने और नशा मुक्ति से लेकर जीवनशैली संबंधी बीमारियों की रोकथाम तक इस अभियान में विशेष बल दिया गया है।

सरकार का मानना है कि यह पहल केवल एक आयोजन भर नहीं है बल्कि एक दीर्घकालिक परिवर्तन की दिशा है, जिसमें हर नारी को स्वस्थ बनाकर हर परिवार को सशक्त किया जा सके। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान से प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊर्जा मिली है और यह एक जनआंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button