क्या पीएम मोदी कमजोर हो चुके हैं उनकी पकड़ अब सरकार और पार्टी पर नहीं?
Has PM Modi become weak and he no longer has any hold on the government and the party?

नई दिल्ली, बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे की सुप्रीम कोर्ट को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद थमा नहीं रहा है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने निशिकांत के बयान को लेकर पीएम मोदी से सवाल किया है। उन्होंने कहा कि यह बिना पीएम की स्वीकृति के नहीं हो सकता है। पवन खेड़ा ने कहा कि पीएम अपने आप को बहुत मजबूत मानते हैं और उनके इशारे के बिना बीजेपी का कोई सांसद इस तरह की टिप्पणी कर नहीं सकता है। अगर यह उनकी स्वीकृति के बगैर हुआ है तो पीएम मोदी बहुत कमजोर हो चुके हैं। न उनकी अब सरकार पर पकड़ है और न ही पार्टी पर।पवन खेड़ा ने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि अगर पीएम मोदी की पार्टी पर अब भी पकड़ मजबूत है तो उन्हें पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को बोलकर निशिकांत को कारण बताओ नोटिस जारी करवाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने संविधान पर सीधा हमला बोला है। ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है, इससे पहले सभी ने देखा है कि उपराष्ट्रपति धनखड़ ने न्यायपालिका पर टिप्पणी की। मैं पूछना चाहता हूं कि ये हमले कौन करा रहा है?
बता दें बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा था कि अगर सुप्रीम कोर्ट कानून बनाता है तो संसद और विधानसभाओं को बंद कर देना चाहिए उन्होंने सीजेआई पर भी टिप्पणी की थी। हालांकि, बीजेपी ने निशिकांत दुबे और पार्टी के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा की ओर से सुप्रीम कोर्ट और देश के मुख्य न्यायाधीश पर दिए गए बयान से किनारा कर लिया है। दोनों नेताओं ने वक्फ कानून पर सुप्रीम कोर्ट में चल रही सुनवाई के संदर्भ में न्यायपालिका पर सवाल उठाए थे।




