निर्देश न मानने पर घिरी एयर इंडिया एक्सप्रेस, हुई कार्रवाई
Air India Express in trouble for not following instructions, action taken

नई दिल्ली, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। दरअसल, एयरलाइन अपने विमान ‘एयरबस ए320’ में लगे इंजनों के संबंध में उड़ान योग्यता निर्देश का पालन करने में विफल रही है। निरीक्षण के दौरान डीजीसीए ने पाया कि एयरलाइन ने ‘एयरबस ए320’ विमान में लगे इंजनों पर ईएएसए (यूरोपीय संघ विमानन सुरक्षा एजेंसी) एयरवर्थनेस निर्देश का पालन नहीं किया। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि डीजीसीए ने एयरलाइन के परिक्षण प्रबंधक, गुणवत्ता प्रबंधक और जवाबदेह प्रबंधक के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।लोकसभा में दिए अपने बयान में उन्होंने बताया कि गुणवत्ता प्रबंधक को दी गई मंजूरी रद्द कर दी गई, परिक्षण प्रबंधक को 1.5 लाख रुपये के वित्तीय दंड के साथ चेतावनी पत्र दिया गया, जबकि जवाबदेह प्रबंधक पर 30 लाख रुपये का वित्तीय दंड लगाया गया है। मंत्री इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि क्या सरकार इस तथ्य को स्वीकार करती है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस ‘एयरबस ए320’ विमान के इंजन के पुर्जे समय पर बदलने में विफल रही और क्या डीजीसीए की जांच में कथित तौर पर रिकॉर्ड में हेराफेरी की बात सामने आई है? मंत्री के ने कहा कि विमान को उड़ान के लिए सुरक्षित रखने तथा उसे निरंतर उड़ान योग्य बनाए रखने के लिए समय-समय पर जारी किए जाने वाले निर्देशों का पालन करना एयरलाइन/ऑपरेटर की जिम्मेदारी है।




