विमल नेगी मौत मामला: विपक्ष ने सीबीआई जांच की उठाई मांग
HPPCL प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी उठे सवाल, उच्च स्तरीय जांच की मांग तेज

पहली खबर ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश में HPPCL (हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड) के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। 10 मार्च से लापता चल रहे विमल नेगी का शव बीते दिन बिलासपुर के भाखड़ा डैम में बरामद हुआ, जिससे प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।
विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने इस घटना को गंभीर बताते हुए राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि HPPCL की कार्यप्रणाली पिछले कुछ समय से संदेह के घेरे में है, ऐसे में विमल नेगी का अचानक लापता होना और फिर उनका शव बरामद होना कई प्रश्न खड़े करता है। जयराम ठाकुर ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि सरकार को सच्चाई सामने लाने के लिए सीबीआई जांच करवानी चाहिए।
इस मामले को लेकर हिमाचल प्रदेश सरकार में मंत्री जगत सिंह नेगी ने भी उच्च स्तरीय जांच की आवश्यकता जताई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से इस विषय पर चर्चा हो चुकी है और मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी ताकि सच्चाई सामने आ सके।
गौरतलब है कि विमल नेगी के परिजनों और उनके सहयोगियों ने HPPCL प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे इस मामले ने और भी गंभीर मोड़ ले लिया है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरकार जांच के लिए कौन-सा कदम उठाती है और क्या इस घटना के पीछे के असली कारणों का पता चल पाता है।




