भिंडरावाला के पोस्टर विवाद पर विक्रमादित्य सिंह की कड़ी प्रतिक्रिया, कहा- पंजाब और केंद्र सरकार लें संज्ञान

भिंडरावाला के पोस्टर विवाद पर विक्रमादित्य सिंह की कड़ी प्रतिक्रिया, कहा- पंजाब और केंद्र सरकार लें संज्ञान
शिमला। हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी बसों में भिंडरावाला की तस्वीर लगाए जाने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इस विवाद की शुरुआत कुल्लू से हुई थी, लेकिन अब यह मामला पड़ोसी राज्य पंजाब तक पहुंच चुका है। हाल ही में पंजाब के होशियारपुर समेत अन्य इलाकों में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों को रोककर भिंडरावाला के पोस्टर लगाए जाने की घटनाएं सामने आई हैं। इस घटना ने दोनों राज्यों में राजनीतिक हलचल भी बढ़ा दी है।
इस विवाद पर अब हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में हमेशा शांति और सौहार्द का माहौल रहा है, जिसे बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई धार्मिक स्थलों पर अन्य राज्यों से विभिन्न धर्मों के लोग आते हैं और हिमाचल के लोग हमेशा उनका स्वागत खुले दिल से करते हैं। ऐसी किसी भी घटना को रोकना आवश्यक है जिससे प्रदेश का शांतिपूर्ण माहौल खराब हो।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पंजाब में भी एचआरटीसी की बसों पर भिंडरावाला की तस्वीर लगाए जाने की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पंजाब सरकार से इस मामले में संज्ञान लेने की अपील की ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि वे इस विषय पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात करेंगे ताकि दोनों राज्यों में शांति और सौहार्द कायम रहे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस तरह की घटनाएं केवल दो राज्यों तक सीमित नहीं रहतीं, बल्कि इनका असर व्यापक रूप से समाज पर पड़ता है। इसलिए केंद्र सरकार को भी इस मामले में दखल देकर जरूरी कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है, जहां हर धर्म और समुदाय के लोगों को मिलजुलकर रहना चाहिए। ऐसे में किसी भी तरह के भड़काऊ पोस्टर या नारेबाजी से बचना जरूरी है ताकि देश के भीतर शांति और भाईचारा बना रहे। विक्रमादित्य सिंह ने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में सौहार्द और अमन-चैन बनाए रखना है, और भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हो इसके लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने अपील की कि जनता भी इस तरह के मामलों में संयम बरते और अफवाहों से बचते हुए शांति बनाए रखने में सहयोग करे।




