कश्मीर घाटी छोड़ रहे सैलानी, रेलवे ने विशेष ट्रेन चलाई
Tourists leaving Kashmir valley, Railways runs special train

नई दिल्ली, पहलगाम आतंकी हमले के बाद सैलानी तेजी से कश्मीर घाटी छोड़ लौट रहे हैं। पर्यटकों की सुरक्षा को देखकर भारतीय रेलवे ने गुरुवार को एक और विशेष ट्रेन कटरा से नई दिल्ली के लिए रवाना की। यह ट्रेन दोपहर 1:30 बजे कटरा रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना हुई। यह ट्रेन रास्ते में उधमपुर व जम्मू स्टेशनों पर रुकेगी। नॉर्दर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि “04614 विशेष ट्रेन में अब भी करीब 1150 बर्थ खाली हैं। ट्रेन कटरा स्टेशन से चलकर नई दिल्ली के लिए रवाना हुई है और यह उधमपुर तथा जम्मू स्टेशनों पर रुकेगी। बुधवार को भी रेलवे ने पर्यटकों की भीड़ को देखकर दो विशेष अनारक्षित ट्रेन चलाई थीं। रेलवे के मुताबिक विशेष ट्रेन में सात सामान्य डिब्बे, आठ स्लीपर कोच, दो तृतीय एसी कोच, एक थर्ड एसी इकोनॉमी कोच और दो लगेज-वैन कोच शामिल हैं।इधर, भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। एनएचएआई प्रोजेक्ट मैनेजर परशोत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि “रम्बन जिले में करीब 4 किलोमीटर लंबे क्षतिग्रस्त हिस्से पर एक लेन में ट्रैफिक चलाया जा रहा है। अब तक 4000 से ज्यादा हल्के व भारी वाहन गुजर चुके हैं।”




