पुरानी रंजिश में की थी युवक की हत्या
The youth was murdered due to old enmity

नई दिल्ली, मालवीय नगर के खिड़की एक्सटेंशन में शुक्रवार देर रात ड्यूटी से घर लौट रहे दो मौसेरे भाइयों को पुरानी रंजिश के चलते चाकू मारा गया था। इस मामले में पुलिस ने चार नाबालिगों को पकड़ा है, जिनसे डिलीवरी ब्वॉय की स्कूटी और चाकू बरामद हुआ है। पुलिस उपायुक्त अंकित चौहान ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब दो बजे खिड़की एक्सटेंशन के जे ब्लॉक में दो लड़कों को चाकू मार दिया गया। सूचना पर पहुंची मालवीय नगर थाना पुलिस दोनों घायलों को मदन मोहन मालवीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने घायल युवक विवेक को मृत घोषित कर दिया।वहीं, गंभीर हालत के चलते अमन को एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इस घटना के 45 मिनट बाद देर रात 2.53 बजे पुलिस को जेडी ब्लॉक के पास चार बदमाश द्वारा लूटपाट की जानकारी मिली। जांच में पता चला है कि विवेक और अमन को चाकू मारने वालों ने ही एक डिलीवरी ब्वॉय से स्कूटी लूटी है। आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने दोनों घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पहचान के बाद चारों को पकड़ लिया गया, जो नाबालिग निकले। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई स्कूटी और हत्या में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया। पूछताछ में पता चला है कि करीब एक माह पहले एक नाबालिग का विवेक से झगड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि नाबालिग किसी की पिटाई कर रहे थे। इस पर विवेक ने नाबालिगों को धमका दिया था। शुक्रवार को देर रात विवेक अपने मौसेरे भाई के साथ आता दिखाई दिया तो नाबालिगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।




