शिवराज सिंह पूर्वोत्तर के दौरे में विकसित कृषि संकल्प अभियान पर करेंगे चर्चा
Shivraj Singh will discuss the developed agriculture resolution campaign during his visit to the Northeast

नई दिल्ली, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान पूर्वोत्तर के तीन दिवसीय दौरे के लिए आज रवाना होंगे। उनका आधिकारिक दौरा 15 से 17 मई तक चलेगा। इस दौरान शिवराज सिंह असम, मिज़ोरम एवं नागालैंड जाएंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यात्रा के दौरान चौहान कृषि, बागवानी, पशुपालन एवं ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे और परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। किसानों तथा स्थानीय हितधारकों से सीधा संवाद भी करेंगे। इस दौरान वे 29 मई से शुरू होने वाले देशव्यापी ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ में राज्यों की सहभागिता पर भी चर्चा करेंगे।मंत्रालय ने बताया कि प्रवास के पहले दिन 15 मई को सुबह केंद्रीय मंत्री चौहान मिज़ोरम के थेनज़ॉल स्थित कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर (सीओएच) के प्रशासनिक एवं अकादमिक भवन का उद्घाटन करेंगे एवं वृक्षारोपण करेंगे और किसानों से संवाद करेंगे। इसके बाद दोपहर में वे नगालैंड के जलुकी स्थित पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय के प्रशासनिक व शैक्षणिक भवन का उद्घाटन करेंगे और किसानों से बातचीत करेंगे। यात्रा के दूसरे दिन 16 मई को चौहान असम के काजीरंगा में स्थानीय सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ एक कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। यात्रा के तीसरे और अंतिम दिन यानी 17 मई को शिवराज सिंह गुवाहाटी स्थित श्रीमंत शंकरदेव कलाक्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में भाग लेंगे और हितग्राहियों से चर्चा करेंगे। इसके बाद वे मां कामाख्या देवी मंदिर में दर्शन व पूजा करेंगे।




