सचदेवा ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री का निर्देश नहीं मानने उपराज्यपाल से आदेश देने की अपील की
Sachdeva appealed to the Lieutenant Governor to give orders for not following the instructions of the acting Chief Minister

नई दिल्ली,भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से अधिकारियों को कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी के अनुचित निर्देश नहीं मानने का आदेश देने की अपील की है। श्री सचदेवा ने श्री सक्सेना को पत्र लिखकर श्रीमती आतिशी पर पद का दुरुपयोग कर सरकारी सम्पति (सीएमओदिल्ली एक्स अकाउंट) की डिजिटल लूट करवाने, संवाददाता सम्मेलन करके बिजली कटौती के नाम का भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है और कहा है कि वह अधिकारियों को निर्देश दें कि वह श्रीमती आतिशी के अनुचित निर्देश ना मानें। उन्होंने कहा है कि जिस तरह श्रीमती आतिशी ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री होते हुए संवाददाता सम्मेलन करके भाजपा पर बिजली कटौती करवाने का आरोप लगाया वह निंदनीय है। पत्र में श्री सचदेवा ने कहा है कि जिस तरह सरकारी पैसे और संसाधनों से विकसित मुख्यमंत्री कार्यालय के एक्स खाते को कार्यवाहक मुख्यमंत्री के निर्देश पर सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग के अघिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का निजी सोशल मीडिया खाता बना डाला, वह गैर कानूनी है। उन्होंने उपराज्यपाल से श्रीमती आतिशी द्वारा करवाई गई इस डिजिटल लूट को रूकवाने और सीएमओदिल्ली की सोशल मीडिया एक्स कोवापस करवाने की मांग की है। श्री सचदेवा ने कहा है कि कार्यवाहक मुख्यमंत्री ने कहा है कि दिल्ली में बिजली कटौती हो रही हैं जबकि वास्तव में कोई कटौती नही हो रही है। अतः उपराज्यपाल उर्जा कंपनी डिस्कॉम को निर्देश दें कि वह स्थिती स्पष्ट करें।




