रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री, कार्यभार संभाला (राउंड अप)

Rekha Gupta becomes ninth Chief Minister of Delhi, takes charge (Round Up)

नई दिल्ली, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष एवं पहली बार की विधायक रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और कहा कि अपनी मंत्रिपरिषद के सहयोगियों के साथ वह संकल्पित भाव से ‘विकसित दिल्ली’ का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रयासरत रहेंगी।करीब 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी करने वाली भाजपा सरकार में गुप्ता के साथ छह विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रीय राजधानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।गुप्ता ने दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। साथ ही, आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा, भाजपा का पंजाबी चेहरा आशीष सूद, पार्टी का सिख चेहरा मनजिंदर सिंह सिरसा, कट्टर हिन्दू की छवि वाले कपिल मिश्रा, अनुसूचित जाति से ताल्लुक रखने वाले रविंद्र इंद्राज और पूर्वांचली चेहरा पंकज कुमार सिंह ने नई मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली।सिरसा को छोड़कर अन्य सभी मंत्रियों ने हिंदी में शपथ ली।सुषमा स्वराज, कांग्रेस की शीला दीक्षित और आम आदमी पार्टी की आतिशी के बाद गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की चौथी मुख्यमंत्री हैं। इसके साथ ही वह, वर्तमान में भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री हैं।शालीमार बाग से 50 वर्षीय विधायक गुप्ता ने शपथ ग्रहण के बाद दोपहर में दिल्ली सचिवालय में कार्यभार संभाला। वर्तमान में, पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बाद वह देश में दूसरी महिला मुख्यमंत्री हैं।शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। इनके अलावा चंद्रबाबू नायडू, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, अजीत पवार और पवन कल्याण सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी इस समारोह के साक्षी बने।कई रैलियों और विरोध प्रदर्शनों का गवाह रहे रामलीला मैदान में कई गणमान्य हस्तियां और बड़ी संख्या में आम लोग भी उपस्थित थे। समारोह के मद्देनजर मैदान को फूल-मालाओं से सजाया गया था और बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री मोदी के पोस्टर लगाए गए थे।इस मौके पर वहां लोगों को ढोल की थाप पर झूमते-नाचते देखा गया। लोगों के हाथ में भाजपा के झंडे भी थे और वे ‘जय श्री राम’ और ‘मोदी, मोदी’ के नारे लगा रहे थे।प्रधानमंत्री मोदी ने रेखा गुप्ता को बधाई दी और विश्वास जताया कि वह पूरी ताकत के साथ दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी।उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रेखा गुप्ता जी को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। वह जमीनी स्तर से उठी हैं, (दिल्ली विश्वविद्यालय) कैंपस राजनीति से लेकर राज्य संगठन और नगरपालिका प्रशासन में सक्रिय रहने के बाद अब विधायक के साथ-साथ मुख्यमंत्री बनी हैं।’’उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि वह पूरी ताकत के साथ दिल्ली के विकास के लिए काम करेंगी। उपयोगी कार्यकाल के लिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं।’’एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री ने दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को भी बधाई दी।उन्होंने कहा, ‘‘इस टीम में जोश और अनुभव का खूबसूरत मिश्रण है और निश्चित रूप से यह दिल्ली में सुशासन सुनिश्चित करेगी। उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।’’गुप्ता ने बाद में एक पोस्ट में दिल्ली की जनता को विश्वास दिलाया कि वह अपने जीवन का हर पल उनकी सेवा में समर्पित करेगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एवं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उनके जैसी सामान्य कार्यकर्ता पर दिल्ली की जन आकांक्षाओं को पूरा करने की जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरा करने के लिए वह दिन-रात एक कर देंगी।उन्होंने कहा, ‘‘मंत्रिमंडल के साथियों के साथ मिलकर विकसित दिल्ली के संकल्प को साकार करने की हरसंभव कोशिश करूंगी।’’हाल ही में संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुई हैं।गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के सामने चुनौतियां भी कई हैं। उन्हें प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करना होगा, पिछली सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखना होगा और शहर के प्रदूषण और बुनियादी ढांचे से जुड़े मुद्दों का हल निकालना होगा। राष्ट्रीय राजधानी की वित्तीय स्थिति पर नजर रखते हुए उसे यह सब करना होगा।भाजपा के लिए एक और बड़ी चुनौती ‘आप’ सरकार द्वारा शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखना होगा, जिसमें 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली और महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा शामिल है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button