गुजरात भाजपा में बड़े बदलाव की तैयारी
Preparations for big change in Gujarat BJP

नई दिल्ली, गुजरात भाजपा में बड़े संगठनात्मक बदलाव होने की संभावना है। राज्य में भाजपा को नया नेतृत्व देने की कवायद शुरू हो गई है और इसकी शुरुआत संगठन से हो सकती है। जल्द ही राज्य भाजपा को नया अध्यक्ष मिल सकता है। गुजरात भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण राज्य है, क्योंकि यहां से न केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आते हैं, बल्कि पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह भी इसी राज्य का प्रतिनिधित्व करते हैं। इससे भी ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि गुजरात एकमात्र ऐसा राज्य है, जिसमें भाजपा सबसे लंबे समय से सत्ता में है। 1995 से लेकर अब तक भाजपा ने राज्य में सभी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है, जो कि एक रिकॉर्ड है।ऐसे में भाजपा के लिए गुजरात में बदलाव जरूरी हो जाते हैं, क्योंकि पार्टी के अधिकांश प्रमुख नेता केंद्रीय राजनीति में आ चुके हैं या राज्य की राजनीति में काफी वरिष्ठ हो चुके हैं। जल्द ही राज्य में नया अध्यक्ष युवा पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करता नजर आ सकता है। सामाजिक समीकरण का रखा जाएगा ध्यान सूत्रों का कहना है कि अगर भाजपा ने अपनी नेतृत्व पीढ़ी का परिवर्तन नहीं किया तो कांग्रेस को भी राज्य में मजबूत होने का मौका मिल सकता है। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी जो कि लंबे समय से राज्य में घुसने की कोशिश में है, वह भी अपनी जड़े जमा सकती है। भाजपा के पास राज्य में नया नेतृत्व पहले से मौजूद है और राज्य सरकार में कई युवा मंत्री बेहतर प्रदर्शन भी कर रहे हैं। ऐसे में उनमें से कुछ नेताओं को संगठन में भी लाया जा सकता है। इसमें सामाजिक समीकरणों का भी ध्यान रखा जाएगा।




