होटल प्रबंधन संस्थान, कुफरी शिमला ने मनाया 42वां स्थापना दिवस

छात्रों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पूर्व छात्रों की भागीदारी ने बढ़ाया समारोह का गौरव

पहली खबर ब्यूरो

शिमला: होटल प्रबंधन संस्थान, कुफरी शिमला ने अपने 42वें स्थापना दिवस और वार्षिक समारोह का आयोजन 21 और 22 मार्च को संस्थान परिसर में भव्य रूप से किया। इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. मुकुल डिमरी ने कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मंडल अध्यक्ष एवं प्रमुख सचिव, पर्यटन व नागरिक उड्डयन, हिमाचल प्रदेश सरकार के शुभकामनाओं के संदेश के साथ किया।

 

इस ऐतिहासिक मौके पर संस्थान के संस्थापक सदस्य नरिंदर सिंह भुई, ध्यान चंद, और उमेश आकरे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही, डोगरा बटालियन के कर्नल दीपक कुमार, रेडिसन होटल के महाप्रबंधक विवेक कुमार, तथा कुफरी पंचायत के प्रधान इंदर सिंह भी समारोह की शोभा बढ़ाने पहुंचे। संस्थान के पूर्व कर्मचारी और देशभर के प्रतिष्ठित होटल उद्योग एवं आतिथ्य संस्थानों में कार्यरत पूर्व छात्र भी इस अवसर पर शामिल हुए।

कार्यक्रम में रंगारंग प्रस्तुति देते हुए छात्र
कार्यक्रम में रंगारंग प्रस्तुति देते हुए छात्र

 

कार्यक्रम की प्रमुख झलकियों में संस्थान की 41 वर्षों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाला एक विशेष वीडियो प्रस्तुतीकरण रहा, जिसे संस्थान की विभागाध्यक्षा श्रीमती कीर्ति पूरी ने प्रस्तुत किया। इसके अलावा, छात्रों द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।

समारोह के दौरान संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. मुकुल डिमरी ने विशेष अतिथियों, पूर्व कर्मचारियों और छात्रों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में उपस्थित छात्र
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र

कार्यक्रम के अंत में विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सिद्धार्थ जैसवाल को “मिस्टर फेयरवेल” और सईद सबिसतां को “मिस फेयरवेल” के खिताब से सम्मानित किया गया।

संस्थान के छात्रों और कर्मचारियों के सहयोग से यह समारोह अत्यंत सफल रहा। सभी अतिथियों ने इसके भव्य आयोजन की सराहना की और संस्थान की भविष्य की प्रगति के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button