फरीदाबाद प्रवास पर पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा – हर बूथ पर खड़ी है हमारी मजबूत टीम, भाजपा की जीत पक्की : डा. सतीश पूनिया
BJP state in-charge who arrived on Faridabad visit said - Our strong team is standing at every booth, BJP's victory is certain: Dr. Satish Poonia



चंडीगढ़, 17 अगस्त। फरीदाबाद प्रवास पर पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि भाजपा का संगठन मजबूत है, कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा हरियाणा में तीसरी बार भी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए भाजपा तैयार, हर बूथ पर हमारी मजबूत टीम खड़ी है। चुनाव भाजपा के लिए उत्सव की तरह है और चुनावी उत्सव मनाने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता भी उत्साहित हैं।
कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हुए डा. सतीश पूनिया ने कहा कि हरेक बूथ पर मजबूती के साथ काम करते हुए अधिक से अधिक लोगों का भाजपा के पक्ष में मतदान कराएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुछ ही दिनों में इतने बड़े-बड़े काम करके दिखाए हैं जिनको देखकर विपक्ष भी हैरान और परेशान है। विपक्ष के पास ऐसा कोई मुद्दा नहीं है जो वह चुनाव में जनता के सामने रख सकें।
डा. सतीश पूनिया ने कहा कि बीते 10 वर्षों में डबल इंजन की सरकार ने गरीब कल्याण की योजनाएं तेजी से जमीन पर उतार कर गरीबों का कल्याण किया है। प्रदेश के हर वर्ग और हर क्षेत्र की जनता का विश्वास मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ है। कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए श्री पूनिया ने कहा कि सभी कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा, योजनाओं और डबल इंजन सरकार के ऐतिहासिक कार्यों को लेकर घर-घर जाएं।
भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि भाजपा सरकार देश और प्रदेश के विकास के लिए संकल्पित होकर काम करने वाली पार्टी है। भाजपा का सुशासन और पारदर्शी से तरीके से किए कार्यों से हरियाणा के लोग खुश हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी की कार्यशैली को प्रत्येक हरियाणावासी पसंद करता है। लोकसभा चुनाव के बाद आचार संहिता हटते ही नायब सैनी ने जो घोषणाएं की हैं उनसे हर वर्ग को लाभ मिला है। कार्यकर्ताओं से अपील करते उन्होंने कहा कि चुनाव की तिथि घोषित हो चुकी है, इसलिए बिना थके, बिना रूके चुनाव को जीतने के काम में जुट जाना है।
फरीदाबाद पहुंचने पर जिला अध्यक्ष राजकुमार बोहरा ने प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया और विश्वास दिलाया कि हमारे कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जमीनी स्तर पर पार्टी को जिताने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद की पांचों विधानसभाओं में कमल खिलेगा और मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। इस मौके पर विधायक राजेश नागर, विधायक दीपक मंगला, विधायक नरेंद्र गुप्ता, जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा, हरियाणा सरकार में चेयरमैन वेदफूला, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं नगर निगम के पूर्व वरिष्ठ उप महापौर देवेंद्र चौधरी, जिला महामंत्री मनोज वशिष्ठ, जिला महामंत्री सुरेंद्र जांगड़ा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओम प्रकाश रेक्षवाल, बिजेंद्र नेहरा, विनोद भाटी, राजबाला सरदाना, सुखबीर मलेरना, जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, गजेन्द्र लाला आदि मौजूद रहे।




