फेड के दर कटौती में सतर्कता बरतने के रुख से बाजार गुलजार

Markets are buzzing as Fed takes cautious stance on rate cuts

मुंबई,अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल के ब्याज दर कटौती में सतर्कता बरतने के रुख से विश्व बाजार में आई तेजी से उत्साहित निवेशकों की स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार लगातार पांचवें दिन गुलजार रहा। बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 809.53 अंक अर्थात एक प्रतिशत की छलांग लगाकर करीब छह सप्ताह बाद 81 हजार अंक के मनोवैज्ञानिक स्तर के पार 81,765.86 अंक पर पहुंच गया। साथ ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 240.95 अंक यानी 0.98 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,708.40 अंक हो गया। इसी तरह बीएसई का मिडकैप 0.27 प्रतिशत बढ़कर 47,500.51 अंक और स्मॉलकैप 0.16 प्रतिशत की बढ़त लेकर 56,707.78 अंक पर बंद हुआ। इस दौरान बीएसई में कुल 4083 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2130 में लिवाली जबकि 1841 में बिकवाली हुई वहीं 112 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी की 41 कंपनियों में तेजी जबकि अन्य नौ में गिरावट रही।विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी बाजार को अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल की अर्थव्यवस्था के लचीलापन के बारे में सकारात्मक टिप्पणियों से बल मिला। उन्होंने दरों में कटौती के प्रति सतर्क रुख का संकेत दिया, जिससे वैश्विक स्तर पर निवेशकों की धारणा में सुधार हुआ। साथ ही विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) भी भारतीय बाजारों में शुद्ध लिवाल रहे और 1,798 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं। इस निवेश ने बाजार की धारणा को भी काफी हद तक मजबूत किया है।इनके अलावा घरेलू स्तर पर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आगामी नीतिगत निर्णय को लेकर आशा तेजी की गति को बढ़ा रहा है। हालांकि दरों में कटौती की कोई उम्मीद नहीं है लेकिन नरम रुख की उम्मीद निवेशकों को सकारात्मक बनाए हुए है। बैंकिंग विशेष रूप से पीएसयू सेगमेंट में बढ़त के साथ आगे बढ़ रहे हैं। बैंक निफ्टी अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर के करीब पहुंच गया है। इससे बीएसई में सर्विसेज और रियल्टी की 0.30 प्रतिशत तक की गिरावट को छोड़कर अन्य 19 समूहों में तेजी का रुख रहा। इस दौरान फोकस्ड आईटी 1.96, टेक 1.92, आईटी 1.81, दूरसंचार 0.95, सीडी 0.64, ऊर्जा 0.64, वित्तीय सेवाएं 0.52, ऑटो 0.59, बैंकिंग 0.68, कैपिटल गुड्स 0.53, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.66, धातु 0.55 और तेल एवं गैस समूह के शेयर 0.53 प्रतिशत चढ़ गए।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सकारात्मक रुझान रहा। इससे ब्रिटेन का एफ़टीएसई 0.10, जर्मनी का डैक्स 0.45, जापान का निक्केई 0.30 और चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.12 प्रतिशत मजबूत रहा। वहीं, हांगकांग का हैंगसेंग 0.92 प्रतिशत लुढ़क गया।शुरूआती कारोबार में सेंसेक्स 226 अंक की तेजी के साथ 81,182.74 अंक पर खुला लेकिन बिकवाली होने से थोड़ी देर बाद ही 80,467.37 अंक के निचले स्तर तक लुढ़क गया। वहीं, लिवाली होने से कारोबार के अंतिम चरण में यह 82,317.74 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। अंत में पिछले दिवस के 80,956.33 अंक के मुकाबले एक प्रतिशत की मजबूती के साथ 81,765.86 अंक हो गया।

इसी तरह निफ्टी भी 72 अंक की बढ़त के साथ 24,539.15 अंक पर खुला और सत्र के दौरान 24,295.55 अंक के निचले जबकि 24,857.75 अंक के उच्चतम स्तर पर रहा। अंत में पिछले सत्र के 24,467.45 अंक की तुलना में 0.98 प्रतिशत की छलांग लगाकर 24,708.40 अंक पर बंद हुआ। इस दौरान इंडसइंड बैंक, एशियन पेंट और एनटीपीसी की 0.98 प्रतिशत तक की गिरावट को छोड़कर सेंसेक्स की जिन कंपनियों ने मुनाफा कमाया उनमें टीसीएस 2.39, इंफ़ोसिस 2.33, टाइटन 2.23, भारती एयरटेल 1.95, बजाज फाइनेंस 1.68, आईसीआईसीआई बैंक 1.60, टेक महिंद्रा 1.50, अल्ट्रासिमको 1.36, एचसीएल टेक 1.31, हिंदुस्तान यूनिलीवर 1.13, पावरग्रिड 1.11, महिंद्रा एंड महिंद्रा 1.09, कोटक बैंक 1.06 और बजाज फिन सर्व 0.95 प्रतिशत शामिल रही। इनके साथ ही रिलायंस 0.93, टाटा स्टील 0.89, एलटी 0.82, एक्सिस बैंक 0.69, एसबीआई 0.63, टाटा मोटर्स 0.55, सन फार्मा 0.53, अडानी पोर्ट्स 0.52, मारुति 0.44, जेएसडब्ल्यू स्टील 0.38, एचडीएफ़सी बैंक 0.20, नेस्ले इंडिया 0.20 और आईटीसी के शेयर 0.06 प्रतिशत लाभ में रहे।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button